पुल को दुरुस्त करने में लगी टीम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
झांसी मानिकपुर रेल लाइन पर मंगलवार की रात पैसेंजर ट्रेन निकलते ही कुलपहाड़ स्टेशन से चंद कदम दूर पुल नंबर 416 के धंसने से रेल लाइन की चाबियां टूट गई। इससे बड़ा हादसा होते बच गया। रात में ही चाबी लगाकर लाइन को दुरुस्त किया। काम चलने से दो घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
बांदा से झांसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन मंगलवार की रात 10 बजे जैसे ही रेलवे स्टेशन कुलपहाड़ के नजदीक पहुंची, तभी स्टेशन से पहले नव निर्मित अंडर पास पुल धंस गया। इससे रेल लाइन की चाबियां टूट गई। स्टेशन के नजदीक होने से ट्रेन धीमी थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
ड्यूटी में तैनात पीआरडी जवान अशोक कुमार ने रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी। रात में ही टीम लगाकर मार्ग को दुरुस्त कराया और चाबियां ठीक कराई। इससे रात में 10 बजे से 12 बजे तक झांसी मानिकपुर रेल लाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। स्टेशन अधीक्षक कुलपहाड़ सोम पांडेय का कहना है कि सूचना मिलने पर उन्होंने आने-जाने वाली ट्रेन को रुकवा दिया गया। उसके बाद ट्रैक को दुरुस्त कराया गया।
झांसी मानिकपुर रेल लाइन पर कुलपहाड़ रेलवे स्टेशन से पांच किमी दूर नव निर्मित रेलवे पुल के धंसने से सात डिब्बे महाकौशल एक्सप्रेस के खाई में गिर गए थे। इससे करीब 50 लोग घायल हो गए थे। उसके बाद से रेलवे पुल पर पीआरडी जावानों की ड्यूटी लगा दी गई है।