कुलपहाड़ (महोबा)। कुलपहाड़ से महोबा तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस मार्ग पर कई पुल भी बनने हैं। कुलपहाड़ में जनंतत्र इंटर कालेज के पास निर्माणाधीन पुल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई है, जिसमें कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के मकसद से पुल की डिजाइन परिवर्तित किए जाने का आरोप है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संगठन की ओर से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। जनतंत्र इंटर कालेज और बस स्टैंड के बीच स्थित पुल काफी पुराना है। इस पुल की चौड़ाई काफी कम थी। पुल के मोड पर कई बार हादसों में लोगों की जान जा चुकी है।
क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि नए सिरे से पुल का निर्माण होने पर मोड़ को खत्म कर दिया जाएगा। पर अचानक पुल की डिजाइन बदल दी गई। इस मामले में कई लोगों ने शिकायतें की, लेकिन अफसरों ने अनसुना कर दिया।
नगर के समाजसेवी देशराज अहिरवार ने इसे लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है। इसमें कहा है कि कार्यदायी संस्था ने पुल को दक्षिण दिशा की तरफ बढ़ाने की बजाय उत्तर दिशा की तरफ बढ़ा दिया है। देशराज ने मामला केंद्रीय परिवहन मंत्री तक पहुंचाने की बात कही है।