महोबा। विकास खंड पनवाड़ी के ग्राम बुड़ेरा में प्रधानमंत्री आवास आवंटन में धांधली मिलने से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया। बाद में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवंटन में की जा रही धांधली से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
ग्राम बुड़ेरा निवासी दिलीप कुमार, वंशीधर, सुखनंदन, महेंद्र, राकेश, शिवकुमार, फूला, मातादीन, नौनीबाई, भूरा, सियारानी समेत ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद डीएम अवधेश कुमार तिवारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि टैंट हाउस मालिक, पक्के मकान मालिक व दो-दो बाइकधारकों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित कर दिए गए हैं, जबकि गरीब, झुग्गी-झोपड़ी वालों को आजतक प्रधानमंत्री आवास आवंटित नहीं किए गए। इससे गरीब पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में आवंटन के नाम पर धांधली करने वालों और पात्रों को नजरंदाज कर अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए जाने के मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों को जांच कराने का आश्वासन दिया है।