महोबा। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रस्तावित 400 मीटर लंबे रनिंग सिंथेटिक्स ट्रैक के निर्माण का काम अधर में लटक गया है। छह माह का समय गुजर जाने के बाद भी आज तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका। ऐसे में स्टेडियम में आने वाले एथलेटिक्स खिलाड़ियों को दिक्कत हो रही है। बावजूद इसके जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे खिलाड़ियों में नाराजगी है।
खेल विभाग की ओर से स्टेडियम में रनिंग सिंथेटिक्स ट्रैक के निर्माण के लिए छह माह पहले कवायद शुरू हुई थी। इसके लिए 400 मीटर लंबे ट्रैक के लिए निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस से कार्ययोजना तैयार कराई गई थी। इसका प्रस्ताव खेल निदेशालय को भेजा जा चुका है। उम्मीद थी कि जल्द ही आधुनिक ट्रैक मॉर्निंग वाॅक, रनिंग और एक्सरसाइज करने वालों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
खासतौर से एथलेटिक्स खिलाड़ियों को इससे प्रशिक्षण व प्रतियोगिता के अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। बुजुर्गों को भी सुबह के समय सैर करने में मुश्किल स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। निर्माण कार्य में ऐसे मटेरियल का इस्तेमाल होगा जो बारिश और गर्मी दोनों मौसम में उपयोग के योग्य रहेगा। बावजूद इसके अभी तक स्टेडियम में रनिंग सिंथेटिक्स ट्रैक के निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ।
क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता का कहना है कि सिंथेटिक्स ट्रैक के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। 30 जुलाई को निदेशालय में बैठक होना है। इसके बाद स्टेडियम में सिंथेटिक्स ट्रैक के निर्माण के लिए काम शुरू कराया जाएगा।