रगोलिया में मातादीन के घर जला पड़ा मकान
- फोटो : अमर उजाला
अलग अलग गांवों में आग लगने से दो घरों में बड़ा नुकसान हुआ है। आग से लाखों रुपये कीमत की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाना श्रीनगर के ग्राम अतरारमाफ निवासी हरिराम के मकान में बुधवार की रात लैंप जल रहा था। घर के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक जलता हुआ लैंप पास में पड़ी घास पर गिर गया। इसमें से उठी लपटों ने घर को चपेट में ले लिया। घर में सो रहे लोगों ने बाहर भाग कर जान बचाई।
इनके मदद के लिए शोर मचाने पर गांव के लोग एकजुट हो गए। यह हैंडपंपों से पानी लाकर आग बुझाने लगे। चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक घर में रखी एक किलो चांदी, एक तोला सोना, 30 हजार रुपये नगद, अरहर की दाल, गेहूं, चावल व गृहस्थी का सामान जल कर राख हो गया।
लमौरा प्रतिनिधि के अनुसार जैतपुर ब्लाक के रगोलिया गांव में चूल्हे की चिंगारी से मातादीन विश्वकर्मा पुत्र मुन्नीलाल विश्वकर्मा के मकान में आग लग गई। आग से बेटी को दहेज में देने के लिए जमा किया गया सामान व गृहस्थी जल कर राख हो गई। दमकल पहुंचने के एक घंटे बाद आग पर काबू पाया।
आग की जानकारी पर नायब तहसीलदार कुलपहाड़ ने लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया। मातादीन ने बताया कि 26 अप्रैल को बेटी की शादी है। दहेज का सामान जलने से बेटी के हाथ पीले करना मुश्किल लग रहा है।