चरखरी उपचुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक ज्ञानेश्वर तिवारी ने शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सुरक्षा के मामले में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
डीआईजी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आपराधिक तत्वों पर कड़ाई से लगाम कसने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। जिससे चुनाव के दौरान किसी प्रकार की बाधा न पहुंचे। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए दो कंपनी पीएसी और 17 कंपनी पैरा मिलेट्री फोर्स को लगाया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि सिविल पुलिस फोर्स की मांग की गई है। जिसे पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक द्वारा फोर्स मांगे जाने पर उसे भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। उन्हाेंने कहा कि सीमाओं पर बैरियर लगाए जाएंगे। जिससे चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक केके गहलोत, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. रामयश मौजूद रहे।