नामांकन के लिए कराई गई बैरीकेटिंग।
- फोटो : Amar ujala
चौथे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 30 जनवरी से शुरू होगी। इसको लेकर निर्वाचन विभाग तैयारियों में जुट गया है। प्रत्याशी के साथ चार समर्थक ही नामांकन कक्ष में दाखिल हो सकेंगे। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है। कलक्ट्रेट के बाहर और नामांकन कक्षों के समीप बैरीकेटिंग कराई गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है। 7 और 8 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच का काम होगा। जबकि 9 फरवरी को प्रत्याशी नाम वापसी कर सकेंगे। मतदान 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। महोबा विधानसभा के प्रत्याशियों के नामांकन कलक्ट्रेट स्थित न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कक्ष संख्या-15 में होंगे। जबकि चरखारी विधानसभा प्रत्याशी अपने नामांकन कलक्ट्रेट स्थित न्यायालय चकबंदी अधिकारी कक्ष संख्या-10 में दाखिल करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन के लिए कलक्ट्रेट आने वाले वाहनों और समर्थकों को आधा किमी पहले रोका जाएगा। छतरपुर होते हुए पुलिस लाइन से आने वाले वाहनों को आईटीआई कॉलेज से पहले रोका जाएगा। जबकि कुलपहाड़ और महोबा रोड़ से आने वाले लोगों को पुलिस कार्यालय के पास रोका जाएगा। इसके लिए दोनों तरफ बैरीकेटिंग कराई गई है। प्रत्याशी के साथ चार समर्थक ही नामांकन दाखिल करने पहुंच सकेंगे।
नामांकन पत्र में फोटो अनिवार्य
इस बार चुनाव के लिए नामांकन पत्र में तीन नए नियम शामिल किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में नामांकन पत्र में उम्मीदवार की फोटो अनिवार्य नहीं थी, लेकिन इस बार नामांकन पत्र में उम्मीदवार को फोटो लगानी होगी। साथ ही भाग-2 में भारत का नागरिक घोषित करना होगा। इसके अलावा नोड्यूज प्रमाण पत्र देना होगा।
भाजपा प्रत्याशी एक फरवरी को करेंगे नामांकन
विधानसभा चुनाव के लिए महोबा सीट से भाजपा प्रत्याशी राकेश गोस्वामी और चरखारी सीट से ब्रजभूषण राजपूत एक फरवरी को समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंच नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि नामांकन के दौरान प्रदेश स्तर का एक नेता शामिल रहेगा।