महोबा। जिले में कोरोना का डर लोगों में साफ दिखाई दे रहा है। कोरोना से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी चल रही है। नगर पालिका परिषद परिसर में एक सैकड़ा से ज्यादा कर्मचारियों को मास्क और सैनेटाइजर वितरित किए गए। ताकि कोरोना से बचाव किया जा सके। अब नगर पालिका कार्यालय के प्रत्येक कक्ष में सैनेटाइजर रखा जाएगा। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने सभी को मास्क लगाकर काम करने के निर्देश दिए हैं।
अधिशासी अधिकारी ने सुबह-शाम वार्डों में फॉगिंग और नालियों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से डरें नहीं केवल जागरूक होकर सामना करें। बचाव ही कोरोना का इलाज है। नगर पालिका के सभी कमरों में और परिसर में साफ-सफाई व छिड़काव कराया गया।
स्वच्छ भारत मिशन की कार्यक्रम प्रबंधक रूबी बानो ने कहा कि कोरोना वायरस की जानकारी के लिए वार्डों में नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूक किया जा रहा है। किसी भी परिस्थिति के लिए हम सभी को तैयार रहना जरूरी है। खांसी, गले में दर्द, बुखार या बुखार आने पर तत्काल नजदीक के अस्पताल में जांच कराएं।
सावधानी ही सबसे अच्छा इलाज
महोबा। थाना अजनर में कोरोना को लेकर बैठक हुई। थानाध्यक्ष राधेबाबू ने कोरोना को लेकर आम लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से बैठक की। बताया कि कोरोना से बचने के लिए सावधानी ही सबसे अच्छा इलाज है। उन्होंने सभी से गला सूखने न देने, ठंडी चीजों से परहेज करने, अपने हाथों को एक मिनट तक साबुन या सैनिटाइजर से हाथ धोने की अपील की।