महोबा। जिले में होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 1002 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इन केंद्रों पर नौ अगस्त को दो पाली में सुबह नौ से बारह और दो से पांच बजे तक प्रवेश परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। कक्ष निरीक्षकों के तौर पर महाविद्यालयों के प्रवक्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए शहर के वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय व राजकीय मकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज महोबा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों ने नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा कक्षों में कक्ष निरीक्षकों के अलावा पर्यवेक्षक भी नजर रखेंगे।
उन्होंने बताया कि वीरभूमि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य सुशील बाबू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए कराई जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों से सैनिटाइजर व मास्क लगाकर आने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों को कम से कम संख्या में आने की अपील की।