महोबा। मुकद्दस माह रमजान के अलविदा जुमा की नमाज सादगी से अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों में अलविदा, अलविदा माह-ए-रमजान अलविदा की सदाएं गूंजती रहीं। नमाज के बाद आपसी भाईचारा, अमन-चैन व मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी गई।
रमजान के अलविदा जुमे पर शहर के कत्तीपुरा स्थित जामा मस्जिद, समदनगर स्थित अब्बा हुजूर की मस्जिद, भीतरकोट स्थित गरीब नवाज मस्जिद, मकनियांपुरा की बड़ी मस्जिद, भटीपुरा स्थित पीर बटाऊ समेत सभी मस्जिदों में रोजेदारों ने पहुंचकर नमाज अदा की। काजी-ए-शहर सैय्यद कारी आफाक हुसैन ने बताया कि आज अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। रमजान के 29वें दिन यदि चांद का दीदार न हो तो 30वें दिन शुक्रवार को भी अलविदा जुमे के रूप में मनाया जाएगा। बताया कि ईदगाह में सुबह आठ बजे, जामा मस्जिद में 8.15 बजे, मगरियापुरा की मस्जिद में साढ़े आठ बजे के अलावा अन्य मस्जिदों में मुकर्रर वक्त पर ईद की नमाज अदा की जाएगी। वहीं, शाम के समय घरों और मस्जिदों में रोजा इफ्तार पार्टी का दौर तेज हो गया है।
अलविदा जुमा को लेकर अलर्ट रहा पुलिस प्रशासन
महोबा। अलविदा जुमा की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। तीनों तहसीलों के सीओ ने मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इस दौरान धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।