महोबा। मुकद्दस माह रमजान के तीसरे जुमे पर शहर की मस्जिदाें में रोजेदारों की भीड़ जुटी। लोगों ने पाकीजगी के साथ मस्जिदाें में पहुंच जुमे की नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की और आपसी भाईचारे की सलामती के लिए दुआ मांगी गई। शांति व्यवस्था को लेकर मस्जिदों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
रमजान माह में शहर की मस्जिदें नमाजियाें से गुलजार हैं। शुक्रवार को शहर के कत्तीपुरा स्थित जामा मस्जिद, समदनगर स्थित अब्बाहुजूर की मस्जिद, भीतरकोट स्थित गरीब नवाज मस्जिद, मकनियांपुरा की बड़ी मस्जिद समेत सभी मस्जिदाें में रोजेदारों ने भारी संख्या में पहुंचकर जुमे की नमाज अदा की। मुस्लिम बहुल इलाकाें में सुबह से ही चहल पहल रही। बड़ी संख्या में बच्चाें ने भी जुमे पर मस्जिद पहुंचकर नमाज अदा की। इसके बाद मुल्क की तरक्की की दुआएं मांगी। वहीं, शाम के समय घरों और मस्जिदों में रोजा इफ्तार पार्टी का दौर तेज हो गया है। इससे घरों व मस्जिदों में राेजदारों की भीड़ जुट रही है।