संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश खेल लीग के तहत ब्लॉक कबरई व चरखारी में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए दमखम दिखाया।
मिनी स्टेडियम चरखारी में जिला कबड्डी संघ के सचिव देवीचरण यादव ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया। सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रतिमा ने पहला स्थान पाया जबकि बालक वर्ग में हरगोविंद ने बाजी मारी। जूनियर बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सिमरन तो बालक वर्ग में अभिषेक अव्वल रहे। सीनियर बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नंदिनी जबकि बालक वर्ग में जयहिंद विजेता रहे।
सब जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी में पुन्नियां ने गुढ़ा को हराकर जीत दर्ज की। जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी में कुरौराडांग ने चरखारी को और बालिका वर्ग में लुहारी ने चरखारी को हराया। विजयी प्रतिभागियों को क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अमर सिंह, युवा कल्याण अधिकारी बृजेंद्र कुमार, एडीओ शेख नदीम, लाल सिंह ने सम्मानित किया।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ उप क्रीड़ाधिकारी रामचंद्र ने किया। सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रीति व बालक वर्ग में सुनील अव्वल रहे। बालिका वर्ग की कबड्डी में कबरई ने टीकामऊ को और बालक वर्ग में कालीपहाड़ी ने किड़ारी को हराया। जूनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में मोहनी व बालक वर्ग में शुभ राजपूत ने पहला स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में ईशा जबकि बालक वर्ग में अजेंद्र अव्वल रहे।