फोटो 20 एमएएचपी 05 परिचय-तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम में बोलते एसडीएम शिवध्यान पांडेय। संवाद
महोबा। शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को अमर उजाला की ओर से तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय ने छात्राओं को परीक्षा के दौरान तनाव से बचने के तरीके बताए। कहा कि छात्राएं परीक्षा से पहले तैयारी करें। प्रतिदिन चार्ट बनाकर प्रत्येक विषय का रिवीजन करें। किसी भी विषय को सरल न समझें। इससे सफलता पक्की है।
कार्यक्रम में एसडीएम ने कहा कि छात्राएं पढ़ने के साथ लिखने का भी अभ्यास करें। जो परीक्षा में काम आएगा और बेहतर अंक दिलाएगा। उन्होंने कहा कि ज्ञान, धैर्य व संयम से परीक्षा की तैयारी करें, इससे तनाव कभी नहीं आएगा। उन्होंने परीक्षा के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। कहा कि परीक्षा के लिए एक-एक मिनट कीमती है। उसका सदुपयोग करें। सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई करें। सुबह मन और मस्तिष्क स्वस्थ रहता है। इससे रिवीजन अच्छा होता है।
डीएवी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी ने कहा कि लक्ष्य बनाकर परीक्षा की तैयारी करें। परीक्षा के दौरान घबराए नहीं। घबराहट में जो भी आता है, वह भी भूल जाता है। उन्होंने छात्राओं को कभी न निराश न रहने व लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। कहा कि कोई भी चीज असंभव नहीं है। कॉलेज की प्रधानाचार्या सरगम खरे ने कहा कि परीक्षा के दौरान मन में डर न पालें। सकारात्मक सोचे और जो भी समस्या आए, उसे अपने अभिभावकों व गुरुजनों से साझा करें। इस मौके पर शिक्षिका रंजना श्रीवास्तव, कल्पना, नीलम सोनी, मंजू पांडेय, नेहा, काशिफा के अलावा 400 छात्राएं मौजूद रहीं।
फोटो 20 एमएएचपी 05 परिचय-तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम में बोलते एसडीएम शिवध्यान पांडेय। संवाद