महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनावश्यक बिजली कटौती को लेकर निगम के अफसरों के जो पेंच कसे, उसका असर रविवार की शाम से लेकर सोमवार को पूरे दिन देखने को मिला। जनपद के अलग-अलग पावर हाउसों में बहुत ही कम शिकायतें आईं। इसके अलावा बिजली आपूर्ति भी निर्बाध तरीके से की गई। कहीं पर तार टूटने या फाल्ट की शिकायत पर ही आपूर्ति को थोड़ी देर के लिए रोका गया। ट्रिपिंग की समस्या को भी निगम ने नियंत्रित किया। इससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
मुख्यालय स्थित बजरिया पावर हाउस से होने वाली आपूर्ति में शनिवार की रात जबरदस्त ट्रिपिंग की समस्या आई। रात में करीब सात घंटे की आपूर्ति में 20 से 21 बार बिजली आपूर्ति बंद की गई। हर दस से 15 मिनट में आपूर्ति बंद होने से उपभोक्ता परेशान रहे लेकिन रविवार की रात सभी पावर हाउस बिना किसी कटौती व ट्रिपिंग के चले। छोटी-छोटी शिकायतों के अलावा कहीं से भी बड़ी शिकायत पावर हाउस में नहीं आई। कीरत सागर पावर हाउस में ऊदल चौक के करीब तार टूटने पर चंद मिनट के आपूर्ति बंद हुई तो बजरिया कस्बे में मस्जिद के पास तार टूटने से चंद मिनट के लिए आपूर्ति बंद की गई। पठा पावर हाउस में भी रविवार की रात तार टूटने की एक शिकायत पर आपूर्ति को बंद किया गया।
उधर, बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता लक्ष्मी शंकर का कहना है कि पूरे जनपद में निर्बाध बिजली आपूर्ति कराई जा रही है। जब भी कोई शिकायत आती है, तभी उस क्षेत्र में आपूर्ति बाधित कर मरम्मत का काम होता है।