महोबा। रेलवे स्टेशन परिसर में एक बालक माता-पिता की तलाश में बैठा मिला। जीआरपी पुलिस ने बालक को थाने में बैठाकर पूछताछ की।
जीआरपी थानाध्यक्ष विनय कुमार साहू मंगलवार की शाम स्टेशन पर जांच कर रहे थे। तभी एक नौ वर्षीय मासूम मायूसी हालत में बैठा मिला। जिसकी सूचना चाइल्ड लाइन टीम को दी गई। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन के अमन साहू व नीरज कुमार ने बालक से जानकारी की। बच्चे ने अपना नाम विक्रम और पिता का नाम शिवप्रसाद बताया। कहा कि वह छत्तीसगढ़ के दमुपुरा का रहने वाला है। माता-पिता के साथ ट्रेन से जा रहा था। पानी पीने के लिए ट्रेन से उतरने पर गाड़ी चली गई। जिससे वह भटक गया। जीआरपी पुलिस ने बालक को चाइल्ड लाइन टीम के सुपुर्द किया है। चाइल्डलाइन टीम बच्चे के परिजनों को खोजने में जुट गई है।