महोबा। दो माह के अंदर शहर के तीन मोहल्लों में की गई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सोने-चांदी के जेवरात समेत 1.20 लाख रुपये नगद बरामद किए है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला नयापुरा बंधानवार्ड में 29 दिसंबर 19 को बदमाशों ने क्रांति रंजन चौरसिया के घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली थी। इसके बाद चोरों ने 11 जनवरी 2020 को मलकपुरा निवासी गनेशीलाल चौरसिया के घर का ताला तोड़ सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर लिए थे। 14 फरवरी को बजरिया सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी एसडीओ संजय मलिक के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 60 हजार रुपये नगदी चोरी कर ली थी।
पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के निर्देश पर बनाई गई टीम ने राठ रोड से मगरियापुरा निवासी अभियुक्त आकाश को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आकाश ने टिंकू उर्फ इरफान पुत्र इसरायल निवासी फतेहपुर बजरिया व सबीना पुत्री सोहराब निवासी फतेहपुर बजरिया महोबा को अपना साथी बताया। जिस पर पुलिस ने विरमा भवन के पास से सबीना और इरफान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्तों के पास से दो सोने का हार, सोने का कान का झाला व अन्य सोने के जेवरात बरामद किए और एक लाख बीस हजार रुपये बरामद किया। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी विपिन त्रिवेदी, एसआई पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, महेेद्र भदौरिया, स्वतंत्र कुमार, विजय द्विवेदी और पुलिस कर्मचारी शामिल रहे।