महोबा। खनिज विभाग की टीम ने पनवाड़ी के महुआ घाट से अवैध तरीके से खनन कर बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को ट्राली के साथ पकड़ा। ट्रैक्टर व चालक को छुड़ाने पहुंचे मालिक को भी टीम ने दबोच लिया। खनिज विभाग के इंस्पेक्टर की तहरीर पर खान एवं खनिज अधिनियम और बालू चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक व चालक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
अधिकारियों को सूचना मिल रही थी कि पनवाड़ी के महुआ घाट पर अवैध तरीके से बालू का खनन हो रहा है। जिला खनिज अधिकारी शैलेश कुमार ने खनन करने वालों को दबोचने के लिए इंस्पेक्टर ईश्वर चंद्र को जिम्मेदारी सौंपी। सटीक सूचना पर मंगलवार की रात खनिज विभाग के इंस्पेक्टर ने टीम के साथ पनवाड़ी क्षेत्र से ही अवैध खनन कर ले जायी जा रही बालू से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। मौके से ट्रैक्टर चालक पनवाड़ी के रोहिनिया का पुरा गांव निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रैक्टर व चालक को छुड़ाने आए ट्रैक्टर मालिक जमाला, पनवाड़ी निवासी रविंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन लोगों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।