महोबा। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 765 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 22 लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके लोगों में खौफ नहीं है। शनिवार व रविवार को वीकेंड लॉकडाउन के चलते बाजार बंद रहे। सोमवार को जैसे ही बाजार खुले लोग खरीदारी के लिए टूट पड़े। अधिकांश ग्राहकों के चेहरों पर न तो मास्क नजर आया और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया। दोपहर में भीड़ इतनी बढ़ गई कि मुख्य बाजार व सुभाष चौकी के समीप करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान ट्रैफिक सिपाही भी नदारद रहे।
दो दिन की बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खरीदारी के लिए होड़ नजर आई। बाजार का नजारा ऐसा था कि जैसे आने वाले दिनों में दोबारा बाजार खुलना ही नहीं है। किराना दुकान से लेकर कपड़ा, बर्तन व खाद सामग्री की दुकानों में भीड़ जुटीं। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग परिवार समेत खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। भीड़ अधिक होने के चलते कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ती रही।
दोपहर करीब 12 बजे भीड़ इतनी बढ़ी कि मुख्य बाजार में जाम लग गया जबकि सुभाष चौकी से शहर के अंदर वनवे व्यवस्था लागू होने के चलते दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। तीखी धूप व उमस के बीच लोग जाम में फंसे रहे। एक घंटे बाद पहुंचे सिपाहियों ने एक-एक कर वाहनों को आगे बढ़ाया और मुख्य बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कराया। तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका।
---
सहालग के चलते भीड़
महोबा। सहालग शुरू होने से बाजारों में भीड़ बढ़ गई हैं। लोग शादी-ब्याह के लिए खरीदारी में जुटे हैं। दो दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ जुटी। बाजार में खरीदारी कर रहे अधिकांश ग्राहक शादी-ब्याह से संबंधित सामग्री खरीदते दिखाई दिए।
---
एमपी के लोग भी आ रहे खरीदारी को
श्रीनगर। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन होने से ग्राहक यूपी सीमा से जुड़े बाजारों का सहारा ले रहे हैं। छतरपुर जिले में 15 दिन से लॉकडाउन है। यही वजह है कि लोग यूपी की सीमा से सटे कस्बा श्रीनगर व बेलाताल के बाजार में पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। जिससे यहां भीड़ बढ़ गई है। अधिकांश ग्राहकों के मास्क न लगाने से लोगों को बीमारी फैलने का खतरा बना है।