महोबा। पुलिस लाइन में पुलिस झंडा दिवस पर अपर एसपी आरके गौतम ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान सभी कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अपर एसपी ने कहा कि किसी भी संगठन का ध्वज उसकी पहचान होती है। बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने उत्तरप्रदेश पुलिस और पीएसी को यह ध्वज प्रदान किया था। इसी तरह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सीओ रामप्रवेश राय ने ध्वजारोहण कर पुलिस कर्मचारियों को संबोधित किया। सभी कोतवाली, थाना व चौकी में भी पुलिस झंडा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
गोष्ठी में बाल सुरक्षा को लेकर हुई चर्चा
महोबा। अपर एसपी ने बालश्रम, भिक्षावृत्ति की रोकथाम व पॉक्सो एक्ट के आरोपपत्र प्रेषित करते समय दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने जिले में गुमशुदा बच्चों के पंजीकृत और लंबित मामलों की जानकारी ली। इस मौके पर प्रोबेशन विभाग, चाइल्ड लाइन, किशोर न्याय बोर्ड के अभियोजक व नोडल अधिकारी रामप्रवेश राय मौजूद रहे। (संवाद)