चरखारी (महोबा)। पांच साल से लापता युवक को थाना पुलिस ने बुधवार को उसके घर से पकड़ लिया है। वह दिवाली पर अपने घर आया था। युवक के पिता ने हत्या के प्रयास के मामले में जेल भेजने वाले दरोगा पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद उसके पिता की भी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद युवक को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चरखारी थाना क्षेत्र के रिवई गांव निवासी हरदयाल का बेटा भूपेंद्र करीब पांच साल पहले अचानक लापता हो गया था। इस पर उसके पिता ने गांव के ही कुछ लोगों के साथ चरखारी थाने में तैनात रहे दरोगा जगत नारायण यादव के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस की काफी कोशिश के बाद भी भूपेंद्र का पता नहीं लगा था।
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि हरदयाल पर गांव के ही एक व्यक्ति ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी विवेचना कर रहे दरोगा जगत नारायण यादव ने हरदयाल को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इससे वह नाराज था। उसने दरोगा व अन्य लोगों को फंसाने के इरादे से भूपेंद्र के अपहरण की कहानी गढ़ी थी।
उसने बेटे भूपेंद्र को दूसरे जिले में भेज दिया था। दिवाली पर भूपेंद्र घर आया था। इसकी सूचना पुलिस को मिल गई। पुलिस ने बुधवार को उसे घर से ही पकड़ लिया। थाना प्रभारी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक पूछताछ में भूपेंद्र ने बताया कि लापता होने के दौरान वह दिल्ली, नोएडा और मुंबई गया।
वहां प्राइवेट नौकरी करते पेट भरता था। इसकी जानकारी पिता और परिवार के अन्य लोगों को भी थी। वह पहले भी कई बार घर आ चुका है। वर्तमान में आरोपी दरोगा जालौन जिले में तैनात है।