उर्मिल बांध का पानी जहरीला होने से करीब 25 क्विंटल मछली मर गईं। पानी में उतरा रहीं मरी हुई मछलियों से पानी के और खराब होने की आशंका बढ़ गई है। एहतियातन मछलियों को निकालकर बाहर फेंका जा रहा है। जल निगम के अधिशासी अभियंता के अनुसार रिपोर्ट में पानी अगर खराब पाया जाता है तो जल निगम रविवार को महोबा व आसपास के गांवों को पानी की आपूर्ति रोक देगा।
कमिश्नर अजय शुक्ला ने डीएम महोबा को इस मामले में संवेदनशील रहने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार महोबा और जल निगम की टीम उर्मिल बांध पहुंच गई। जल निगम की टीम ने पानी का सैंपल लिया उसे सीएमओ कार्यालय की लैब और लखनऊ भेज दिया।
साथ ही, मरी मछलियों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मछलियाें में कोई बीमारी आई है या पानी खराब होने से मछलियां मरी हैं इसका पता चलेगा। श्रीनगर, सिजहरी गांव के अलावा महोबा शहर में भी पानी की आपूर्ति की जाती है। मध्यप्रदेश क्षेत्र के बड़े इलाके में भी इससे जलापूर्ति होती है।