महोबा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की।
डीएम ने बताया कि वर्ष 2021 में जिले में पौधरोपण कराने के लिए 54 लाख 29 हजार 905 पौध रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पौधरोपण कराने में खाना पूर्ति न करें, बल्कि पहले से ही जगह का चयन कर लें, ताकि सभी पौधे जीवित रहें। किसानों को ज्यादा से ज्यादा पौधे उपलब्ध कराएं।
सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष रूप से पौधे लगाने का लक्ष्य दिया जाए। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यक्रमों में गुणवत्ता पर किसी भी स्तर पर कोई समझौता न किया जाए। समीक्षा में पाया कि 9,708 किसान अभी भी ऐसे हैं, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित हैं। उन्होंने उप निदेशक कृषि को यह कार्य प्राथमिकता से कराने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में चरखारी व कबरई बीडीओ द्वारा खराब सड़कों की रिपोर्ट उपलब्ध न कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीएसओ एसपी शाक्य को निर्देश दिए कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के राशन कार्ड काटे गए हैं, उनकी सूची ग्राम पंचायत में लगाएं, सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने विद्युत के बकाएदार विभागों को निर्देश दिए कि जल्द विद्युत देयकों का भुगतान कराएं। बैठक में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, डीएफओ नरेंद्र सिंह, डीडीओ आरएस गौतम, सीवीओ डॉ. राकेश कुमार, पीडी डीएन पांडेय, उप निदेशक कृषि जीराम, डीपीआरओ संतोष कुमार, उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी मौजूद रहे।