होली पर्व पर शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने और शराब की बिक्री पर पाबंदी लगाने के लिए गुरुवार को पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने जगह-जगह छापामारी की। साथ ही आधा दर्जन लोगाें को गिरफ्तार किया गया।
छापामारी अभियान से शराब विक्रेताआें में खलबली मची रही। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह और पुलिस अधीक्षक केके गहलोत के निर्देश पर सारा दिन पुलिस ने जिले में छापामार अभियान चलाया। थाना श्रीनगर के ग्राम उरवारा में पुलिस ने उरवारा निवासी छिदामी पुत्र ग्यासी को 61 क्वार्टर देशी शराब सहित गिरफ्तार किया।
उधर कोतवाली कुलपहाड़ के कोतवाली प्रभारी मोहम्मद रिजवान और एसआई केपी सिंह ने ग्राम मुढ़ारी से सजन कबूतरा पुत्र रामप्रसाद निवासी कबूतरा डेरा मुढ़ारी और पप्पू पुत्र खरगाई के कब्जे से 400 लीटर शराब बरामद की।
उधर उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह के नेतृत्व में जिला आबकारी अधिकारी अश्विनी कुमार और सीओ सदर संदीप यादव के नेतृत्व में पुलिस ने थाना श्रीनगर के ननौरा डेरा और काछनपुरवा में पांच स्थानों पर दबिश दी।
इस दौरान ननौरा डेरा की बीना पत्नी दीपेंद्र और फूलवती पत्नी ऊदल के कब्जे से 25-25 लीटर अवैध कच्ची शराब और डेढ़ क्विंटल तैयार लहन बरामद किया। जबकि काछनपुरवा डेरा से श्यामबाई पत्नी संतोष और प्रियंका पत्नी राजेश के कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।