महोबा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में विशाल विधिक सहायता व सेवा शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किया गया। योजना का लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
शिविर का शुभारंभ जिला जज रोहित सिन्हा ने फीता काटकर किया। प्राधिकरण के सचिव हरिहर गुप्ता ने निशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता अभियान, राष्ट्रीय लोक अदालत आदि की जानकारी दी। ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से चिह्नित दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की। समाज कल्याण विभाग से लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन का प्रमाण पत्र सौंपा गया। साथ ही जिला पंचायतीराज विभाग से 70, कौशल विकास से 150, मत्स्य विभाग व जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से 10-10, उद्यान विभाग से पांच, राष्ट्रीय आजीविका मिशन से 40, पिछड़ा वर्ग विभाग से 15, मंडी समिति से सात, डाक विभाग से चार लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से लाभांवित किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को लाभांवित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अपर्णा नायक ने किया। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अशोक यादव, एडीजे प्रथम ध्रुव राय, एडीजे पॉक्सो एक्ट संदीप चौहान, एडीजे एससीएसटी कोर्ट तेंद्र पाल, एडीएजे एफटीसी अपर्णा त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक सुखवीर सिंह, बीएसए राहुल मिश्रा, जीतेंद्र साहू आदि मौजूद रहे।