महोबा/अजनर। जैतपुर-अजनर मार्ग में मवईया तिराहे के समीप टायर फटने से तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी पुलिया से टकराकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में चालक व क्लीनर घायल हो गए। दुर्घटना में पिकअप गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पनवाड़ी थाने के ग्राम छतेसर निवासी परमलाल (35) पुत्र जमुना प्रसाद पिकअप चालक है। गुरुवार को वह क्लीनर बबलू (30) के साथ पिकअप वाहन में साइकिल के पुराने टायर लादकर मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव जा रहा था। तभी मवईया तिराहे पर पिकअप गाड़ी का अगला टायर अचानक फट गया। इससे पिकअप पुलिया से टकराकर खाई में जा गिरी। 112 पुलिस कर्मियों ने फंसे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र जैतपुर में भर्ती कराया।
मोहल्ला बजरिया निवासी अजमेरी (45) अपने साथी अख्तर खान (50) व कमल (35) के साथ बाइक से घर वापस लौट रहा था, तभी बाइक असंतुतिल होकर फिसल गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी तरह फायर स्टेशन के समीप एक अज्ञात युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। एक अन्य घटना में कस्बा श्रीनगर निवासी प्रेम (60) पुत्र मंगू अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेमलेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।