थाना क्षेत्र के ग्राम सिजहरी में चेहरे पर टार्च की रोशनी पड़ने से नाराज दबंगाें ने एक दलित ग्रामीण को लाठी डंडों से मारपीट कर अधमरा कर दिया और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। पीड़ित तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार को ग्राम सिजहरी निवासी नाथूराम बसोर (55) पुत्र दसैंया के परिवार के ही लक्ष्मी प्रसाद बसोर की बेटी की शादी थी। वह परिजनाें के साथ गांव के ही प्राथमिक विद्यालय सुभाष नगर में ठहरी बारात के लिए भोजन लेकर जा रहा था। धीरे चलने के कारण उसके साथी आगे निकल गए जबकि वह धीरे-धीरे लाठी के सहारे पीछे-पीछे जा रहा था। तभी उसकी टार्च की रोशनी विद्यालय के बाहर बैठे गांव के ही दो दबंगाें के चेहरों पर पड़ी। टार्च की चकाचौंध आंखाें में लगना दबंगों को नागवार गुजरा। दबंगाें ने नाथूराम को लाठी डंडाें से मारपीट कर अधमरा कर दिया। ग्रामीण के चीखने चिल्लाने पर परिजन एकजुट होकर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख दबंग हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना श्रीनगर में दे दी है। पुलिस ने सिजहरी निवासी बिंदा यादव पुत्र गुलाब यादव और शिवपाल राजपूत पुत्र भोला राजपूत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।