कबरई (महोबा)। मोहल्ला झलकारीबाई व रानी लक्ष्मीबाई नगर के लोगों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से नगर पंचायत कार्यालय के बाहर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद ईओ ने धरनास्थल के सामने पंचायत के सफाई वाहन खड़ा दिए। इससे प्रदर्शनकारी भड़क गए और नारेबाजी की। लोगों ने पंचायत कर्मियों को निजी कार्यों में लगाने से प्रभावित हो रहे विकास कार्यों का मुद्दा उठाया।
धरना प्रदर्शन में पूर्व चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा, पिंकी वर्मा, रवि, अनिल, सैफी खान, घनश्याम वर्मा, धर्मेंद्र रैकवार, हरप्रसाद, भोला रैकवार आदि का कहना है कि झलकारीबाई नगर में नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। इससे उनके घरों व रास्तों पर गंदा पानी भर रहा है। वहीं रानी लक्ष्मीबाई नगर की व्यायामशाला में पहले से शौचालय होने के बावजूद दूसरा शौचालय बनाया जा रहा है जबकि समीप स्थित पार्क में शौचालय की सुविधा नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्यों की जांच की मांग की। धरना प्रदर्शन के दौरान ईओ ने नगर में सफाई व्यवस्था के लिए संचालित कचरा गाड़ियों को प्रदर्शन स्थल के सामने खड़ा करवा दिया। इससे गहमा गहमी का माहौल रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई। उधर, नगर पंचायत के ईओ संजीव कुमार का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। सफाई वाहन प्रतिदिन कार्यालय के बाहर खड़े होते हैं।