एक किमी दूर से साइकिल से पानी लाते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
श्रीनगर। विकासखंड कबरई के सांसद के आदर्श गांव पिपरामाफ के मजरा पठारी में रहने वाले लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे है। गांव से एक किमी की दूरी पर लगे एकमात्र हैंडपंप के भरोसे एक हजार आबादी की प्यास बुझ रही है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गांव पिपरामाफ के मजरा पठारी के ग्रामीण इस समय पेयजल संकट से जूझ रहे है। मजरे से एक किमी दूरी पर लगे हैंडपंप पर पूरे दिन पानी भरने के लिए लोगों की लाइन लग रही है। घंटो इंतजार के बाद दो डिब्बा पानी मिल पाता है। इससे ग्रामीणों का पूरा दिन पानी की जुगाड़ करने में ही गुजर जाता है।
समाजसेवक जनक सिंह, ग्रामीण अर्जुन, गोविंद, राममिलन, कमलापत, भजनलाल आदि का कहना है कि सांसद द्वारा गांव को गोद लिए जाने से गांव की सूरत बदलने की उम्मीद जागी थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। लोग बूंद बूंद पानी को तरस रहे है। पानी की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायती पत्र दिए गए लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।