महोबा। वीरभूमि अंडर-14 क्रिकेट चैंपियनशिप में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में पीसीएम पैंथर्स ने एचके राइडर्स को 25 रनों से जबकि दूसरे मुकाबले में महोबा स्पार्टन्स ने विवेक सोलर स्ट्राइकर को 23 रनों से हराया।
शहर के राठ रोड स्थित एमएमसीए क्रिकेट मैदान में चल रहे वीरभूमि अंडर-14 क्रिकेट चैंपियनशिप में पहला मैच पीसीएम पैंथर्स व एचके राइडर्स के बीच खेला गया। एचके राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पीसीएम पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 130 रन बनाए। टीम की ओर से सिद्धार्थ ने 28 और उत्कर्ष ने 29 रनों का योगदान दिया। एचके राइडर्स की ओर से अयान व असद ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचके राइडर्स की शुरुआत खराब रही और पूरी टीम 105 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इससे पीसीएम पैंथर्स ने यह मुकाबला 25 रनों से जीत लिया। टीम की ओर से तीन विकेट लेने वाले खिलाड़ी विहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच महोबा स्पार्टन्स और विवेक सोलर स्ट्राइकर के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महोबा स्पार्टन्स ने 20 ओवर में 154 रन बनाए। ओपनर आयुष ने 39 व सिद्धार्थ सिंह ने 51 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विवेक सोलर स्ट्राइकर की टीम 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे महोबा स्पार्टन्स ने यह मुकाबला 23 रनों से जीत लिया। टीम की ओर से अविनाश सिंह और अभिनव ने दो-दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी सिद्धार्थ सिंह को समाजसेवी सौरभ तिवारी ने मैन ऑफ द मैच का खिताब सौंपा। अंपायर की भूमिका वीरेंद्र कुशवाहा, आसिफ खान व प्रीतम राजपूत ने निभाई।