महोबा। जिला सेवायोजन सभागार में दो दिवसीय पान किसान मेले का बुधवार से शुभारंभ हो गया। मेले में पहले दिन जनपद महोबा, कानपुर नगर, बांदा व ललितपुर के पान किसानों ने प्रतिभाग किया। डीएम ने किसान मेले में बागवानी से संबंधित लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी ली। साथ ही पान किसानों को पान की खेती की नवीन तकनीक से अवगत कराया गया।
पान किसान मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में जीतेंद्र शुक्ला ने कृषि कार्य में मृदा परीक्षण की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. बृजेश पांडेय ने बागवानी फसलों व डॉ. सुनील कुमार ने कीटों की रोकथाम के उपाय बताए। उपनिदेशक कृषि जी. राम ने किसान सम्मान निधि व कृषि विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी विजय कुमार चौरसिया जिले में संचालित औद्यानिक विकास योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी हीरा सिंह ने किसानों को योजनाओं का लाभ लेकर जीवन स्तर में सुधारने का संदेश दिया। पान कृषक दिनेशचंद्र ने जिले में पान किसानों को मिट्टी का तेल न मिलने की समस्या बताई। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी वीपी सिंह, उपदुग्धशाला विकास अधिकारी सुशील शर्मा, भानु प्रताप सिंह निरंजन, अमित कुमार, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी समेत तमाम अधिकारी व विभिन्न जनपदों से आए किसान मौजूद रहे।