महोबा। प्रदेश के कौशांबी जिले की पीड़ित आठ वर्षीय बालिका को न्याय दिलाने के लिए पाल समाज के लोगों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिलाने और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
अखिल भारतीय पाल महासभा के युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश पाल के नेतृत्व में बुधवार को 24 से अधिक लोग नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त एसडीएम राजकुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कौशांबी जिले के एक गांव में पाल समाज की एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिलाते हुए बालिका को न्याय दिलाए जाए। उन्होंने मांग रखी कि गांव के प्रधान के खिलाफ घोषित 25 हजार रुपये के ईनाम को खारिज किया जाए और मामले की सीबीआई या एसआईटी से जांच कराई जाए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। इस मौके पर अखिलेश पाल, संदीप, अमित, महीपत, बालेंद्र, भान सिंह, मधु, रूपेंद्र सहित पाल समाज के लोग मौजूद रहे।