शहर के मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा पिंकी द्वारा शोहदों की छेड़खानी और पुलिस से न्याय न मिलने पर आत्महत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रशासन की निष्क्रियता पर नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान छात्राओं ने शोकसभा कर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय की छात्रा द्वारा पुलिस को दो बार तहरीर देने और 1090 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर छात्रा ने तीन मार्च को जहर खाकर जान दे दी थी। इस घटना से महाविद्यालय प्रशासन व छात्राओं में आक्रोश है। सोमवार को छात्राओं ने पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ऐलान किया कि यदि समय से कार्रवाई नहीं हुई तो छात्राएं सड़कों पर आंदोलन करेंगी।
इस मौके पर महाविद्यालय प्रशासन व छात्राओं ने शोकसभा की। डॉ. मोहम्मद आरिफ राईन छात्रा की मौत पर मौन धारण उसकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान छात्राओं की आंखें नम हो गई। विद्यालय प्रशासन ने मांग की कि छात्राओं को महाविद्यालय आने जाने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन उचित कार्रवाई करें। शोकसभा में प्रो. नीरज निगम, दिलीप सिंह सेंगर, धर्मेंद्र सिंह, आदर्श सिंह, हृदेश पालीवाल, भगवानदास आदि छात्राएं शामिल रहीं।