महोबा। कोतवाली चरखारी के गुढ़ा गांव में उच्चाधिकारियों को सूचना दिए बगैर सादा वर्दी में जुए के फड़ पर धरपकड़ करने के मामले में एसपी ने कार्रवाई की है। लापरवाही मिलने पर गौरहारी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है जबकि दो सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया। इस कार्रवाई से लापरवाह कर्मचारियों में खलबली मची है।
गुढ़ा मार्ग पर गोशाला के पास कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना पर बुधवार को गौरहारी चौकी प्रभारी प्रशांत दीक्षित दो सिपाहियों के साथ सादा वर्दी में पहुंचे थे। फड़ से 1,170 रुपये बरामद किए। एसआई व सिपाहियों के सादी वर्दी और निजी वाहन में होने पर ग्रामीणों व महिलाओं ने उन्हें घेर लिया था। महिलाओं ने चौकी प्रभारी से अभद्रता कर मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं एसआई की जेब में हाथ डालने और रुपये निकालने का भी प्रयास किया था। महिलाओं का आक्रोश देख चौकी प्रभारी जेब से कुछ रुपये निकालकर महिलाओं को देते वीडियो में कैद हो गए थे। यह वीडियो वायरल हुआ। चौकी प्रभारी ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सादा वर्दी में पहुंचने और उच्चाधिकारियों को सूचना दिए बगैर कार्रवाई किए जाने पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी व सिपाहियों ने बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचित किए यह कार्रवाई की। इस मामले में चौकी प्रभारी प्रशांत दीक्षित को निलंबित किया गया है जबकि सिपाही मोहम्मद कामिल और कुलदीप को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है।