संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर बैठक की गई। जिसमें सभी सीओ व थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव के चलते अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील गांव में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि वर्तमान व पूर्व प्रधान के आपसी विवादों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि बीट आरक्षी अपराध रजिस्टर लेकर गांवों का भ्रमण करेंगे और हिस्ट्रीशीटर, जिला बदर व टॉप-10 अपराधियों की स्थिति से थाना प्रभारियों को अवगत कराएंगे। अवैध शराब, गांजा व जुआं के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लाइसेंसों के सत्यापन की कार्रवाई करेंगे। जिन शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ अभियोग दर्ज हैं। उनके लाइसेंस रद्द कराने के लिए कार्रवाई करें। एसपी ने बीट आरक्षियों को प्रहरी एप डाउनलोड करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद कराया जाए। डीएम ने कहा कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित किया जाए। मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं को लेकर एसडीएम से वार्ता की जाए। उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर थाना क्षेत्र में प्रभारी गश्त के निर्देश दिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसपी ने महिला संबंधी अपराधों में अपहृता की बरामदगी व लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर एसपी आरके गौतम, सीओ सिटी कालू सिंह, सीओ कुलपहाड़ रामप्रवेश राय, प्रतिसार निरीक्षक सैन्यजीत सिंह के अलावा सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
खुलासा करने वाली पुलिस टीमों को किया सम्मानित
महोबा। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव द्वारा गठित पुलिस टीमों ने चोरी व लूट की घटनाओं का खुलासा किया। जिस पर एसपी ने खुलासे में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वाट टीम प्रभारी एसआई भूपेंद्र सिंह, एसआई राजबहादुर, सर्विलांस प्रभारी राहुल सिंह परमार, खरेला थानाध्यक्ष अनिल कुमार, कोतवाली प्रभारी चरखारी लाखन सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र चाहर, अभिजीत पांडेय, नरेंद्र सोनकर, अंशुल द्विवेदी, राहुल कुमार व पवन कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।