महोबा। डीएम अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित बैठक कलक्ट्रेट में हुई। 273 ग्राम पंचायतों में 72 में सामुदायिक शौचालय पूर्ण हुए, जबकि 198 निर्माणाधीन हैं। कबरई विकासखंड की तीन ग्राम पंचायत सिजवाहा, गुगौरा और मवईखुर्द में निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम ने सामुदायिक शौचालयों की खराब प्रगति पर बीडीओ कबरई व एडीओ पंचायत कबरई को निर्देश दिए कि संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। 273 ग्राम पंचायतों में से 213 के उपभोग प्रमाणपत्र प्राप्त न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि सभी पंचायत सचिव समय से उपभोग प्रमाणपत्र मुहैया कराएं, तभी अन्य कार्यों के लिए धनराशि मुहैया कराई जाएगी। डीएम ने सभी ईओ व पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि कोई भी अन्ना गोवंश बाहर नहीं दिखना चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी किसानों को किसान सम्मान निधि का पैसा दिलाना सुनिश्चित करें। पंचायत सचिव मनरेगा में पंजीकृत सभी मजदूरों को 100 दिन का रोजगार दिलाएं। खुले में शौच जाने वालों पर जुुर्माना लगाया जाए। बैठक में सीडीओ हीरा सिंह, पीडी डीएन पांडेय, एसडीएम सदर राजेश यादव, राकेश कुमार, मोहम्मद उवैस, डीपीआरओ संतोष कुमार आदि मौजूद थे।