महोबा। कोरोना को लेकर मास्क न लगाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान कर कार्रवाई की जा रही है। फिर भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर ने अभियान चलाकर बिना मास्क लोगों के चालान कटवाए।
एसडीएम राजेश यादव ने कोतवाली पुलिस के साथ शहर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर बिना मास्क लोगों को रोककर चालान कटवाए व जुर्माना वसूला गया। एसडीएम ने आल्हा चौक, पालीवाल मार्केट, रोडवेज बस स्टैंड व परमानंद चौराहे में दुकानों पर भीड़ लगी होने पर दुकानदारों के चालान किए। एसडीएम ने हिदायत दी कि बिना मास्क सामान लेने दुकान आने वाले लोगों को सामग्री न दी जाए।
इसी तरह जिले के सभी थानों की पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। सभी थानों की पुलिस ने कोरोना नियमों के उल्लंघन व मास्क न लगाने पर 324 लोगों के चालान कर 38,550 रुपये जुर्माना वसूला। यातायात नियमों के उल्लंघन में 16 वाहनों के ई-चालान कर 4,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इस दौरान लोगों को मास्क का शत-प्रतिशत प्रयोग करने व दो गज दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।