महोबकंठ (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में क्षमता से अधिक पानी आने से बुधवार की दोपहर 11 गेट खोले गए।
2.7 मीटर ऊंचाई तक गेट खोलकर 1.30 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सिंचाई विभाग के अधिकारी लहचूरा बांध पर नजर रखे हैं। इसके साथ ही 12 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश के जनपद टीकमगढ़ स्थित बानसुजारा बांध के सभी गेट खोलकर बुधवार की सुबह 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बांध का पानी छोड़ने और लगातार हो रही बारिश से धसान नदी का जलस्तर बढ़ गया। यह पानी पहाड़ी बांध से होते हुए लहचूरा बांध में पहुंच रहा है।
वहीं, लहचूरा बांध पहले से ही अपनी पूरी क्षमता से भरा है। ऐसे में बांध में और अधिक पानी आने से ओवरफ्लो होने के आसार को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने 11 गेटों को खोलकर 1.30 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया। लहचूरा बांध से अर्जुन फीडर नहर में 1,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
इस पानी से नहर के माध्यम से अर्जुन बांध, चंद्रावल बांध व कबरई बांध को भरा जा रहा है। वहीं, धसान मुख्य नहर को चलाकर खरीफ फसलों के लिए सिंचाई सुविधा दी जा रही है जबकि अतिरिक्त पानी धसान नदी में छोड़ा गया।
जलस्तर बढ़ने से धसान नदी के किनारे स्थित गांव काशीपुरा, धरवार, लिलवां, बीहट नगारा, बराना आदि गांवों में अलर्ट जारी किया गया। ग्रामीणों, चरवाहों व मछुआरों आदि को नदी से दूर रहने को कहा गया है।
उधर, लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामाश्रय यादव ने बताया कि बांध के 11 गेट खोलकर पानी डिस्चार्ज किया गया। बांध के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। आसपास के गांव के लोगों को अलर्ट किया है।