जालौन जिला निवासी युवक रात में मोटरसाइकिल से अपनी बहन की ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक के असंतुलित होने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर कबरई में आमने-सामने दो ट्रकों में भिड़ंत होने से तीन लोग घायल हो गए । घायलों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर दोनों चालकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जालौन जिले के डाकौर निवासी जागेश्वर प्रजापति (25) पुत्र खेमचंद्र मोटरसाइकिल से अपनी बहन मीरा से मिलने उसकी ससुराल मोहल्ला सोहरयांव चरखारी आ रहा था। कनेरा गांव के पास पहुंचते ही जागेश्वर मोटर साइकिल से गिर गया, जिससे वह खून से लथपथ रात भर सड़क किनारे पड़ा रहने से उसकी मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों के देखने पर सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी लेकर डीएल के पते से घर वालों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर विकासखंड कबरई में अलकेश पुत्र संतबहादुर ट्रक में गिट्टी लादकर लखनऊ जा रहा था। वहीं कानपुर से कलीम अपने क्लीनर के साथ ट्रक लेकर कबरई की तरफ आ रहा था, जैसे ही दोनाें ट्रक कबरई तिराहे के पास पहुंचते ही दोनों में भिड़ंत हो गई, जिससे ट्रक चालक कलीम, अलकेश और क्लीनर रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने 108 नंबर एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर दोनों चालकों की हालत नाजुक बताई जा रही है।