महोबा। साहब... मेरी पत्नी जिंदा है और उसका जीवित प्रमाण पत्र भी है लेकिन समाज कल्याण विभाग की ओर से उसे सालभर पहले मृत बताकर वृद्धा पेंशन रोक दी गई है। वह एक साल से अपनी जिंदा पत्नी व उससे संबंधित कागजात लेकर दर-दर भटक रहा है लेकिन पेंशन शुरू नहीं की जा रही है। एडीएम ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
कबरई नगर पंचायत के विशाल नगर निवासी देवी दयाल शनिवार को महोबा तहसील पहुंचे। यहां एडीएम की अध्यक्षता में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उसकी पत्नी राजरानी जो इस समय जीवित है और घर में हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वह यहां नहीं आ सकी है।
बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से उसे सालभर पहले वृद्धा पेंशन मिल रही थी लेकिन अचानक पेंशन आनी बंद हो गई। उसने विभाग जाकर प्रार्थना पत्र दिया तो बताया गया कि राजरानी मृत हो चुकी है और इसी जांच रिपोर्ट पर पेंशन बंद हो गई है।
उधर, समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में आया है और राजरानी की पेंशन प्रक्रिया को पूर्व में विभाग की ओर से पूरा कर दिया गया है। शासन से पैसा आते ही उन्हें पेंशन मिल जाएगी।
इसी तरह शहर के भटीपुरा निवासी अधिवक्ता महेंद्र कुमार ने बिजली कनेक्शन के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत की। नयापुरा नैकाना निवासी पूजा ने बताया कि उनके पति योगेश कुमार नगर पालिका महोबा में दो साल से चालक के पद पर नौकरी कर रहे हैं। आरोप है कि नौकरी पर रखने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है।