महोबा। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों के लिए खुशखबरी है। विभाग की ओर से पेंशनधारकों के खातों में तीन माह की पेंशन एक साथ पहुंचाई जा रही है। खातों में पेंशन आने से लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जिले में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन के 32,462 पात्र लाभार्थी हैं। प्रत्येक पेंशनधारक को वृद्धावस्था पेंशन के रूप में प्रति माह एक हजार रुपये के हिसाब से पेंशन की धनराशि मुहैया कराए जाने का प्रावधान है। लाभार्थी पेंशन की धनराशि का इंतजार कर रहे थे। विभाग की ओर से एक साथ तीन-तीन माह की पेंशन पात्र लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। जिले में सभी पेंशनधारकों के खातों में 9.73 रुपये पेंशन के रूप में भेजा गया है। खातों में पेंशन की धनराशि आने से पेंशन धारक वृद्धजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।
कबरई ब्लॉक के सर्वाधिक लाभार्थियों को मिला लाभ
महोबा। वृद्धावस्था पेंशन योजना का जिले में कबरई ब्लॉक के लाभार्थियों को सबसे ज्यादा लाभ मिला है। कबरई ब्लॉक में 9,517, चरखारी ब्लॉक में 4,676, जैतपुर ब्लॉक में 6,884, पनवाड़ी ब्लॉक में 7,858, चरखारी नगर क्षेत्र में 554, कबरई नगर क्षेत्र में 509, खरेला नगर क्षेत्र में 393, कुलपहाड़ नगर क्षेत्र में 587 व महोबा नगर क्षेत्र में 1,484 लाभार्थियों के खातों में वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि भेजी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्द्धन नायक का कहना है कि वृद्धावस्था पेंशन शासन की प्राथमिकता में शामिल है। प्रत्येक पात्र लाभार्थी के खाते में वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि भेजी जा रही है।