महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से ओपन डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। बुंदेलखंड विवि की वेबसाइट पर मंगलवार तक ओडीएल के यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों को अपलोड कर दिया जाएगा। अप्रैल के प्रथम सप्ताह से प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू हो जाएंगे।
जिले के 23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में इस वर्ष से ओडीएल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। ओडीएल निदेशक प्रो. पूनम पुरी ने बताया कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) डिग्री कोर्स में बी.कॉम, बीए हिंदी, बीए अंग्रेजी, एम. कॉम, बीबीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी मैथ, एमसीए आदि में प्रवेश के लिए पंजीकरण अप्रैल के प्रथम सप्ताह से शुरू हो जाएंगे। एग्जीक्यूटिव काउंसिल की मुहर लगने के बाद ओडीएल से संबंधित जानकारियां विवि की वेबसाइट पर अपलोड कराई जा रही हैं, यह प्रक्रिया सोमवार तक पूरी हो जाएगी।
यूजी-पीजी पाठ्यक्रम वेबसाइट पर आसानी से उपलब्ध होंगे। पंजीकरण शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। यूजी की परीक्षा फीस 800 रुपये और पीजी की 1,200 रुपये तय की गई है।