मकानों में लगी आग बुझाते ग्रामीण।
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। थाना क्षेत्र के गांव नौगांव में तीन भाइयों के मकान में आग लग जाने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना के एक घंटे बाद भी दमकल गाड़ी नहीं पहुंच सकी। जिससे ग्रामीणों में गुस्सा दिखाई दिया।
ग्राम फदना में कूडे़ के ढेर से निकली चिंगारी से चंद्रभूषण मिश्रा के मकान में आग लग गई। लपटें देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। लेकिन हवाएं तेज चलने से आग ने नजदीक रह रहे भाई वीरेंद्र मिश्रा के मकान को चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तीसरे भाई राजेंद्र मिश्रा के घर तक पहुंच गईं।
तीनों घरों को लपटों से घिरा देख ग्रामीणों ने आनन-फानन में दमकल विभाग को सूचना दी लेकिन एक घंटे बाद भी दमकल नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने कुओं वसबमर्सिबल पंप चालू करके किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने से तीनों घरों में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।