बेसिक शिक्षक वेतनभोगी सहकारी समिति लिमिटेड महोबा की संचालक मंडल बैठक में पांच प्रस्ताव पारित किए गए। अध्यक्षीय संबोधन में सभापति रमाकांत मिश्रा ने कहा कि समिति द्वारा अब टीचराें के लोन की सीमा नए साल से पांच से बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दी है।
सभापति ने कहा कि अंतर जनपदीय स्थानांतरण के बाद नियुक्त टीचराें, जो अन्य जिलों के निवासी हैं, उन्हें समिति सदस्य बनाया गया है, अब उन्हें भी ऋण सुविधा मिलेगी। कहा कि नवीन सदस्य 30 दिसंबर तक आवेदन प्राप्त होने पर बनाए जाएंगे। इसके बाद किसी भी टीचर को सदस्य नहीं बनाया जाएगा।
सचिव प्रमोद गोस्वामी ने कहा कि अनुपूरक ऋण सीमा बढ़ाए जाने का टीचर सदस्यों को लाभ मिलेगा। अब वह किसी भी समय आठ लाख रुपये तक समिति से लोन ले सकते हैं। इसके लिए दो टीचरों को गवाह के रूप में प्रस्तुत करना होगा।
बैठक में सुशील त्रिपाठी, शशिभूषण त्रिपाठी, प्रेमबाबू त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, दिनेश रावत, बेनीप्रसाद यादव, सोमनाथ यादव आदि उपस्थित रहे।