फोटो 14 एमएएचपी 25 परिचय-जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह। संवाद
महोबा। जलशक्ति मंत्री व विधायक के बीच जल जीवन मिशन योजना का काम पूरा न होने को लेकर काफिला रोकने और कहासुनी होने के बाद शनिवार को चरखारी विधायक का एक और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक कह रहे हैं कि उन्हें मंत्री जी से कोई नाराजगी नहीं है। जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई। गांवों में काम शुरू हो गया है। समयसीमा के अंदर काम पूरा होने पर मंत्री जी का स्वागत किया जाएगा।
जिले में जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं सड़कों व कई गांवों में पानी न पहुंचने पर 30 जनवरी को महोबा आए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने प्रधानों के साथ काफिला रोक लिया था। दोनोंं के बीच कहासुनी होने के बाद मामला शासन स्तर तक पहुंच गया था। इसके बाद जलशक्ति मंत्री ने अफसरों के साथ बैठक कर 30 दिन के अंदर काम पूरा करने अन्यथा संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की सख्त चेतावनी दी थी। इसके बाद कई गांवों में खोदी गई सड़कों और पाइपलाइन दुरुस्त करने का काम चल रहा है।
शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में भाजपा के चरखारी विधायक विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उनके जन्म दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं दी। विधायक ने कहा कि मंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्य को पूर्ण कराने के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने ही काम के लिए समय दिया। काम चल रहा है। लगातार मंत्री जी मीटिंग कर रहे हैं। अधिकारियों को वह लगातार फटकार रहे हैं, दिशा-निर्देश दे रहे हैं और जल्द बहुत अच्छा काम धरातल पर होगा। काम होना चाहिए बस हम लोग काम चाहते हैं। मंत्री जी बैठक कर रहे हैं। हम लोग काम चाहते है, जो लापरवाह अधिकारी थे, काम नहीं हो रहा था, वो काम शुरू हो गया है। कोई नाराजगी नहीं है, हमारी पार्टी के नेता हैं। आज उनका जन्मदिन है उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
फोटो 14 एमएएचपी 25 परिचय-जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह। संवाद