महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की स्नातक और स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 मई से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी किए गए अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम में कोई आपत्ति न आने पर इसे ही अंतिम परीक्षा कार्यक्रम तय कर दिया गया है। शहर के वीरभूमि कॉलेज में दो हजार विद्यार्थी दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा देंगे।
जनपद के 23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। स्नातक और स्नातकोत्तर चौथे व छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू करा दी गई थीं लेकिन द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू नहीं हुई थीं। इससे द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं परेशान थे। हालांकि बाद में विश्वविद्यालय की ओर से बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी (गृहविज्ञान), एमए, एमकॉम, एमएससी आदि कक्षाओं की द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा के आवेदन की तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई थी। इसके बाद इसे बढ़ाकर 30 अप्रैल किया गया था।
अब विश्वविद्यालय की ओर से द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 से 30 मई तक कराए जाने का अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम दो मई को जारी किया था। अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि चार मई निर्धारित थी लेकिन इस दौरान कोई भी आपत्ति नहीं आई। इससे अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम को ही अंतिम परीक्षा कार्यक्रम मान लिया गया। अब स्नातक और स्नातकोत्तर दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 मई से शुरू होंगी।
वीरभूमि कॉलेज के प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि दूसरे सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षा दूसरी पाली में सुबह 11 से एक बजे के बीच होगी। यह परीक्षाएं 11 से 30 मई तक चलेंगी।