श्रीनगर (महोबा)। भारत सरकार के संयुक्त सचिव आईएएस नरेंद्र बहादुर सिंह ने मंगलवार को विकासखंड कबरई के सिजहरी गांव में जूनियर हाईस्कूल की बॉउंड्री व कृषि उत्पादन मंडी परिषद बांदा द्वारा तालाब के किनारे 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाट-पैठ का लोकार्पण किया। संयुक्त सचिव ने डीएम के साथ गोशाला का निरीक्षण किया। वहां बिजली व्यवस्था के लिए कनेक्शन कराने के निर्देश दिए।
सिजहरी गांव के निरीक्षण दौरान संयुक्त सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। डेढ़ वर्ष के अंदर हर घर नल योजना के तहत सभी को पानी मिलेगा। गोशाला के निरीक्षण में उन्होंने पशुुओं के लिए बने टीनशेड, पेयजल व्यवस्था, भूसा आदि का जायजा लिया। उन्होंने गोवंश संरक्षण के लिए ग्राम प्रधान वंदना राजपूत द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। जूनियर हाईस्कूल के लोकार्पण के दौरान संयुक्त सचिव ने परिसर में पौधरोपण किया। संयुक्त सचिव ने पर्यटन विकास को लेकर 800 साल पुराने सिजहरी मंदिर का भ्रमण किया। संयुक्त सचिव ने ग्रामीण क्षेत्र के निराश्रित व जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में एसडीएम सदर राजेश यादव, डीपीआरओ संतोष कुमार, बीडीओ कबरई विनीत यादव, एबीएसए क्षमा पांडेय, ग्राम पंचायत अधिकारी अरविंद पाठक, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजयपाल सिंह, जयदेव सिंह, हरिशंकर राजपूत मौजूद रहे।