सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर के भवन निर्माण के लिए शासन ने 3.20 करोड़ रुपये आवंटित किया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से आसपास के तमाम ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि 20 हजार की आबादी वाले श्रीनगर में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं मिल रहीं थी। यहां एक डॉक्टर तैनात होने से लोगों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। इतना ही नहीं अस्पताल में किसी भी तरह की जांच मशीनें न होने से जांचें भी नहीं हो पाती थी।
अब निर्माण होने से आसपास के ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं और जांचों के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। कार्यदायी संस्था आवास विकास को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दो साल के अंदर अस्पताल की इमारत को तैयार करने का समय निर्धारित हुआ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके वार्ष्णेय का कहना है कि धनराशि आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। 30 बेड का अस्पताल बनेगा। जिसमें छह डॉक्टरों की तैनाती होगी। इससे श्रीनगर क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी।