कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के किदवई नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया।
कस्बे के किदवईनगर निवासी दीपक कुशवाहा की शादी छह माह पहले जनपद हमीरपुर के उरदना गांव निवासी कंचन (19) के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार की सुबह कंचन कमरे के अंदर रस्सी के फंदे पर लटकती मिली। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतार सीएचसी कबरई पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और मायके पक्ष के लोगों को दी गई। जिला अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज में 50 हजार की मांग पूरी न होने पर कंचन को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। थानाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। मायके पक्ष के लोग जो तहरीर देंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक बीमार महिला ने फंदा लगाकर दी जान
कबरई। बीमारी से पीड़ित महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। कस्बे के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी राजाराम विश्वकर्मा की पत्नी हीरा (40) दो वर्ष से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी। परिजन उसका ग्वालियर में इलाज करा रहे थे, लेकिन आराम नहीं मिल रहा थ। बुधवार की रात महिला ने कमरे में पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। (संवाद)