कोटे की जांच करते नायब तहसीलदार
- फोटो : अमर उजाला
खन्ना महोबा। थाना क्षेेत्र के बहिंगा गांव में ग्रामीणों और कोटेदार बीच चल रहे विवाद पर सोमवार को नायब तहसीलदार कबरई ने ग्राम बहिंगा पहुंचकर जांच पड़ताल की। कार्डधारकों ने महीनों से राशन न दिए जाने के बाबत बयान दर्ज कराए। बहिंगा गांव के कोटेदार द्वारा कार्डधारकों को महीनों खाद्यान्न का वितरण न करने, घटतौली करने की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम सदर और जिलाधिकारी से की थी।
डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार सोमवार को बहिंगा गांव पहुंचे। उनके आने की खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। अंत्योदय कार्ड धारक अशोक कुमार शिवहरे ने बताया कि उन्हें एक साल, बिहारी को छह माह और रामऔतार को दो साल से खाद्यान्न सामग्री नहीं मिली है। जांच दौरान उन्होंने राशन दुकान के स्टाक रजिस्टर और खाद्यान्न को देखा।
दुकान में दो क्विंटल गेहूं और दो क्विंटल चावल मौके पर पाया। निरीक्षण दौरान दुकान पर पत्थर के बांट पाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार स्वयं कोटा न चलाकर दूसरे को किराए पर दिए है। नायब तहसीलदार ने जांच रिपोर्ट एसडीएम और डीएम को देने की बात कही।