ग्राम टोला में खेत रखवाली की मजदूरी मांगने पर दबंगों ने मां बेटों को लाठी डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी को भी दबंगों ने पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चरखारी घायलों को सीएचसी चरखारी में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली चरखारी के ग्राम टोला में पप्पू पुत्र मइयादीन गांव के ही ध्यान सिंह, हरदयाल देवेंद्र सिंह के खेत की फसल की रखवाली करता था। शनिवार को मजदूरी मांगने गए मां बेटों पर दबंगों ने जमकर लाठी डंडे बरसाए। जिससे मां बेटे बुरी तरह घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर बीच बचाव करने पहुंचे रमेश पुत्र मर्दन पर भी हमलावरों ने लाठी डंडों से प्रहार किया जिससे वह भी घायल हो गया। घायलों में पप्पू (24) भाई लखन (20) और मां गुलाब रानी (65) शामिल हैं, जिन्हें ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। खून से लथपथ महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पीड़ित पप्पू ने घटना की तहरीर कोतवाली चरखारी में दी है। कोतवाली प्रभारी विवेकानंद तिवारी ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।